Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 17, 2026

युवा कांग्रेस ने शिक्षा महानिदेशक और प्रधानाचार्य के खिलाफ दी तहरीर


पौड़ी। द्वारीखाल ब्लाक के ग्रामसभा हथनूड़ के ग्राम पल्ला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनने जा रही छात्रा की मौत पर युवा कांग्रेस ने शिक्षा महानिदेशक उत्तराखंड और स्कूल के प्रधानाचार्य के खिलाफ एसएसपी को तहरीर दी। युवा कांग्रेस ने शिक्षा महानिदेशक व स्कूल के प्रधानाचार्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई। मंगलवार को युवा कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष मोहित सिंह ने कहा कि बीते रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनने के लिए शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी व द्वारीखाल के राप्रावि हथनूड़ के प्रधानाचार्य के द्वारा मन बात कार्यक्रम सुनने के लिए छात्रों को मजबूर किया गया व उनको रविवार के दिन आवश्यक रूप से स्कूल बुलाया गया। जिसमें ग्राम पल्ला की गरीब परिवार से आने वाली कक्षा पांच में पड़ने वाली छात्रा आईना बानो स्कूल जा रही थी, लेकिन रास्ते में उसे आवारा पशु द्वारा कुचल दिया गया। जिसमें उसकी दर्दनाक मौत हो गई। उन्होंने कहा कि इसकी मौत के जिम्मेदार शिक्षा महानिदेशक हैं, जिन्होंने आदेश जारी कर छात्रों को छुट्टी के दिन स्कूल आने के लिए मजबूर किया। उन्होंने एसएसपी को तहरीर देते हुए उक्त प्रकरण की जांच करते हुए शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी और स्कूल के प्रधानाचार्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई। इस मौके पर ब्लाक अध्यक्ष कांग्रेस कोट विजयदर्शन बिष्ट, पारस रावत, अंकित सुंदरियाल, मुकुल पंवार, आशीष नेगी, अमन सिद्क़्क़ी आदि शामिल थे।

Advertisement