March 5, 2026

साठ लाख के शेयर हड़पने का आरोप


हरिद्वार। एक शेयर ब्रोकर ने अपने स्थानीय फ्रेंचाइजी होल्डर पर साठ लाख के शेयर हड़प लेने का आरोप लगाते हुए कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज कराया है। क्षेत्र की पॉश कालोनी शिवालिक नगर निवासी वीरेंद्र कुमार की शेयर ट्रेंडिंग की बोनाजा पोर्ट फोलियो के नाम से फर्म है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर रोहित गर्ग, निवासी शिवालिक नगर को फ्रेंचाइजी दी हुई थी। आरोप है कि पिछले करीब तीन साल से वह उनके लिए कार्य कर रहा था और उसके अलग-अलग कंपनियों की शेयर ट्रेडिंग से लगभग 60 लाख रुपये का लाभ हुआ था। आरोप है कि रोहित ने शेयर की रकम देने से इनकार कर दिया। दबाव बनाने पर उसने महज तीन लाख की रकम दी लेकिन उसके बाद शेयर की रकम देने से इनकार कर दिया। यही नहीं अपना घर छोड़कर शहर से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।