September 19, 2024

रौथाण को मिली कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष की कमान

रुद्रप्रयाग ( आखरीआंख समाचार )  जिला भेषज संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अंकुर रौथाण को अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल का प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। श्री रौथाण को प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व मिलने पर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल देसाई एवं प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का आभार जताया है।
कांग्रेस सेवा दल यंग बिग्रेड का विस्तार करते हुए प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेश अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, पांच महासचिव सहित 41 पदाधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल देसाई ने कार्यकारिणी का विस्तार किया। कार्यकारिणी में क्षेत्र पंचाय सदस्य गणेश तिवारी को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि नगर पालिका सभासद अंकुर खन्ना को संयुक्त सचिव व जिलाध्यक्ष पद के लिए विशाल रावत को दायित्व सौंपा गया। नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर रौथाण ने कहा कि पार्टी की ओर से जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है उसका ईमानदारी के साथ निर्वहन किया जाएगा। तीन राज्यों में कांग्रेस की शानदार जीत हुई है, जिससे भाजपा के मन में आगामी लोकसभा चुनाव में हार का डर बन गया है। जनता का विश्वास कांगे्रस के प्रति फिर से बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस सेवादल पार्टी को मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस बहुमत के साथ जीत हासिल करेगी। वहीं श्री रौथाण को जिम्मेदारी सौंपे जाने पर कांग्रेस प्रदेश महासचिव बीरेन्द्र बुटोला, गजेन्द्र पंवार, रणवीर सिंह गुसांई, संगीता नेगी, शंत लाल शाह, विनोद चन्द्र, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ईश्वर बिष्ट, धनराज बंगारी, खुशहाल रावत, दीपा देवी, उमा कैंतुरा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई है।