March 13, 2026

गरुड़ में किशोर की उपचार के दौरान मौत


बागेश्वर गरुड़ । क्षेत्र के एक किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई है। गत दिनों वह अस्सी प्रतिशत तक झुलस गया था। परिजन उसे तुरंत सीएचसी बैजनाथ लाए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया था। टीटबाजार में किराए के मकान में रह रहा कुलाऊ निवासी 18 वर्षीय आयुष रावत पुत्र ईश्वर सिंह लंबे समय से अपने परिजनों से बाइक खरीदने की मांग कर रहा था। वह कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल गरुड़ से इंटर पास करने के बाद शिप में जाने की तैयारी कर रहा था। वह बार-बार घर वालों से बाइक खरीदने की मांग कर रहा था, लेकिन परिजनों ने बाइक नहीं खरीदी। जिससे वह डिप्रेशन में चला गया। गत शुक्रवार को उसने कमरे में खुद पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ लाए। जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। बैजनाथ के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. वीके गुप्ता के अनुसार किशोर अस्सी प्रतिशत झुलस गया था, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। बुधवार की देर शाम उसने सीएचसी हल्द्वानी में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक के मौत के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।