Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 20, 2026

पुलिस ने कार से एक लाख से अधिक का गांजा किया बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार


अल्मोड़ा ।  भतरौजखान पुलिस ने कार से एक लाख से अधिक का गांजा बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। वहीं गांजा तस्करी कर रहे 02 युवक भी गिरफ्तार किए हैं। जनपद के एसएसपी रामचन्द्र राजगुरु द्वारा मुख्यमंत्री के संकल्प “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2025” को सफल बनाने के उद्देश्य से जनपद में पुलिस कार्मिकों को मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री करने वाले नशा तस्करों पर कड़ी कार्यवाही किये जाने के सख्त निर्देश दिये गये हैं। सीओ रानीखेत तिलक राम वर्मा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष भतरौजखान मदन मोहन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सोमवार 23 अक्टूबर की रात्रि में पुलिस सहायता केन्द्र मोहान पर चेकिंग के दौरान वाहन संख्या यूके04एजे-5953 मैगनेट निशान कार में सवार अभियुक्त संदीप सैन (28 वर्ष) पुत्र बहादुर चन्द्र सैन निवासी हरिपुरा, जिला उधमसिंहनगर व हिमांशु आर्या (28 वर्ष) पुत्र ललित आर्य, निवासी ग्राम सलना, द्वाराहाट, जिला अल्मोड़ा के कब्जे से एक प्लास्टिक के कट्टे में 7.900 किग्रा गांजा बरामद होने पर अभियुक्तगण को गिरफ्तार व गांजा तस्करी में प्रयुक्त वाहन कार को सीज करते हुए थाना भतरौजखान में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत एफआईआर पंजीकृत कर आवश्यक कार्यवाही की गई है। मामले में थानाध्यक्ष भतरौजखान मदन मोहन जोशी ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्तगणों द्वारा उक्त गांजा रानीखेत के आस-पास के इलाके से एक व्यक्ति से खरीद कर लाना बताया गया है, जिसे वह तराई की तरफ ले जाकर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर अधिक दाम में बेचकर लाभ कमाने के उद्देश्य से ला रहे थे। विवेचना के दौरान उक्त तस्करी में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भी आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी। बरामद गांजे की कीमत एक लाख, अट्ठारह हजार, पाँच सौ रुपये आंकी गई है। यहाँ भतरौजखान पुलिस टीम में थानाध्यक्ष भतरौजखान मदन मोहन जोशी, उपनिरीक्षक गंगा राम गोला, हैड कांस्टेबल आनन्द त्रिपाठी, कांस्टेबल देवेन्द्र प्रताप शामिल रहे।

Advertisement