एनएसयूआई ने भी छात्रसंघ चुनाव के लिए कसी कमर
बागेश्वर । छात्रसंघ चुनाव के लिए एनएसयूआइ ने कमर कस ली है। बीडी पांडे कैंपस के लिए अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष के नामों की घोषणा हो गई है। अन्य डिग्री कालेजों में भी दमदार प्रत्याशी खड़ा करने का निर्णय लिया है। अलबत्ता सात नवंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को लेकर प्रचार ने तेजी पकड़ ली है।
मंगलवार को नरेंद्रा पैलेस पर एनएसयूआइ के जिलाध्यक्ष कमलेश गढ़िया ने आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि छात्रहितों के लिए संघर्षरत हैं। छात्रसंघ चुनाव कालेजों की समस्याओं के समाधान के लिए लड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि बीडी पांडे कैंपस से राहुल कुमार को अध्यक्ष और पंकज सिंह पपोला को कोषाध्यक्ष का प्रत्याशी बनाया गया है। सभी कार्यकर्ता और विद्यार्थी पूरी मेहनत के साथ उन्हें विजय बनाने के लिए जुट गए हैं। इसके अलावा गरुड़, कांडा, कपकोट, दुग नाकुरी डिग्री कालेजों में भी एनएसयूआइ प्रत्याशी शीघ्र घोषित किए जाएंगे। इस दौरान पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, भगवत डसीला, गीता रावल, गोपाल भट्ट, लोकमणि पाठक, ललित गोस्वामी, गोपाल राम, दिपांशु भट्ट, कमलेश कुमार, गोविंद चंदोला, प्रकाश वाछमी आदि उपस्थित थे।
