March 4, 2026

राज्य सरकार हार के भय से कर रही निकाय चुनावों को टालने का काम: बिट्टू कर्नाटक


अल्मोड़ा । अल्मोड़ा में आयोजित प्रेसवार्ता में उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि आगामी दो दिसम्बर 2023 को उत्तराखंड में निकायों के कार्यकाल पूरे हो रहे हैं और निकायों, नगरपालिकाओं में सरकार प्रशासकों की नियुक्ति कर रही है जो स्पष्ट करता है कि सरकार की मंशा निकाय चुनावों को टालने की है। उन्होंने कहा कि भाजपा समझ चुकी है कि आज की इस महंगाई, बेरोजगारी और अवरूद्ध विकास से जनता का भाजपा से मोहभंग हो चुका है और यदि निकाय चुनाव होते हैं तो जनता भाजपा का सूपड़ा साफ कर देगी। इसी डर के कारण भाजपा उत्तराखंड में निकाय चुनाव करने से कतरा रही है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव जनता का लोकतांत्रिक अधिकार है। लेकिन भाजपा सरकार लगातार जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने में लगी है। कर्नाटक ने कहा कि यदि भाजपा सरकार ने विकास किया होता तो आज विकास संकल्प यात्रा के माध्यम से भाजपा को गली गली अपना रथ ले जाकर ढिंढोरा पीटने की आवश्यकता नहीं पड़ती। इन विकास संकल्प यात्राओं के माध्यम से भाजपा अपनी करनी पर पर्दा डालने का काम कर रही है। यदि भाजपा सरकार जनता की हितैषी होती तो नगरपालिकाओं का कार्यकाल समाप्त होते ही तुरंत निकाय चुनाव कराती। उन्होंने कहा कि यदि नगरपालिकाओं में प्रशासक बैठते हैं तो जनता को उनसे सीधा संवाद करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। यहाँ पत्रकार वार्ता में बिट्टू कर्नाटक के साथ देवेन्द्र कर्णाटक आदि मौजूद रहे।

You may have missed