March 6, 2026

चकराता में सीजन की तीसरी बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड


विकासनगर ।  बीते तीन दिनों से खराब मौसम के बाद बुधवार सुबह चकराता क्षेत्र में धूप खिली। लेकिन दोपहर होते-होते मौसम ने करवट बदली और चकराता की ऊंची पहाड़ियों पर सीजन की तीसरी बर्फबारी हुई। इसके साथ ही चकराता बाजार में भी रुक-रुक कर बर्फ के फाहे गिरते रहे। बर्फबारी के बाद क्षेत्र में पारा लुढ़कने से ठंड बढ़ गई है।
बीते रविवार से चकराता सहित जौनसार बावर क्षेत्र में मौसम खराब चल रहा था। बुधवार दोपहर होते-होते आसमान में बादल घिर आए और साढ़े तीन बजे के करीब हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। शाम चार से बूंदाबांदी बर्फबारी में तब्दील हो गई। चकराता की ऊंची चोटियों लोखंडी, देवबन, खडंबा, मुंडाली, व्यास शिखर, कोटी, कनासर, चोरानी आदि स्थानों पर बर्फबारी हुई। आसमान से गिर रहे मोटे मोटे बर्फ के फोहों ने देखते ही देखते लोखंडी में सड़क को सफेद कर दिया। लोखंडी में एक इंच के करीब बर्फ जम गई, जबकि ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में डेढ़ से दो इंच बर्फ जम गई। चकराता बाजार से भी पहाड़ बर्फ से सफेद नजर आ रहे हैं।
लोखंडी के होटल व्यवसायी रोहन राणा, शूरवीर चौहान, आदर्श असवाल, भानु चौहान आदि का कहना है कि पिछले तीन दिनों से मौसम खराब था और बारिश हो रही थी। लेकिन बर्फबारी की उम्मीद नहीं थी। सीजन की तीसरी बर्फबारी होने से पर्यटन कारोबार में तेजी आएगी। अच्छी बर्फबारी हुई तो इससे फसलों, फलों और पानी के प्राकृतिक स्रोतों को भी लाभ मिलेगा।