July 25, 2026

सनगांव के ग्रामीण लोकसभा चुनाव का करेंगे बहिष्कार


ऋषिकेश ।  डोईवाला विधानसभा के सनगांव में सड़क नहीं होने से ग्रामीण परेशान हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव के बहिष्कार का एलान किया है, जिसको लेकर शुक्रवार को तहसीलदार ग्रामीणों के पास पहुंचे और उन्हें समझाया, लेकिन ग्रामीण अपने मांगों पर अड़े रहे। बीते लंबे समय से सनगांव के ग्रामीण क्षेत्र में पक्की सड़क की मांग कर रहे हैं। मगर अभी तक ग्रामीणों को पक्की सड़क की सौगात नहीं मिल पाई है। अब सनगांव के ग्रामीणों ने अपने गांव की सीमा पर सड़क नहीं तो वोट नहीं, लोकसभा चुनाव 2024 पूर्ण बहिष्कार का बैनर लगा दिया है, जिसके बाद शुक्रवार को डोईवाला तहसीलदार चमन सिंह सनगांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और उनको जल्द सड़क बनवाने का आश्वासन दिया। मगर ग्रामीणों के उनके आश्वासन को अस्वीकार कर दिया। ग्राम प्रधान हेमंती रावत ने बताया कि ग्रामीण पिछले लंबे समय से सूर्याधार पुल से सन गांव 4 किलोमीटर मार्ग के डामरीकरण, सनगांव नाही कला 8 किलोमीटर मार्ग निर्माण, ढटोली बैंड से रानीखेत 1 किलोमीटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार द्वारा ग्रामीणों की आवाज नहीं सुनी जा रही है। बरसात के समय में ग्रामीणों का शहर से संपर्क टूट जाता है। जिसके चलते गांव से ग्रामीण पलायन कर रहे हैं। जो नेता हमारे गांव में वोट मांगने आएगा, उनको गांव की सीमा से वापस भेजा जाएगा। जब तक हमारी सड़क नहीं बनेगी, तब तक हम वोट का बहिष्कार करते रहेंगे। शनिवार को सभी ग्रामीणों के साथ डोईवाला तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपेंगे। मौके पर क्षेत्र पंचायत अतुल पुंडीर, पूर्व प्रधान ज्ञान किशोर चमोली, प्रेम चमोली, सरिता देवी, विनय, लक्ष्मी देवी, श्री देवी, अमित, सौरभ, ललित मोहन, पुनीत रावत, सत्येंद्र मनवाल, सुरेंद्र मनवाल, चंद किशोर, बुध सिंह, जगमोहन पुंडीर, नरदेव सिंह, अंजलि, गुल्लू, अनिल, राजेंद्र रावत, प्रमिला, निर्मला आदि मौजूद रहे।