Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 5, 2026

सड़क को लेकर अब ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दफ्तर पर धरना


रुड़की. ।  शहर के भंगेड़ी महावतपुर में मुख्य सड़क के निर्माण कार्य को लेकर सेना और ग्रामीणों के बीच चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुस्साए ग्रामीण अब ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। विधायक उमेश कुमार और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट धरना प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उन्हें सड़क बनवाने से संबंधित हरसंभव आश्वासन देने का प्रयास किया। इसके बावजूद ग्रामीण नहीं माने। बड़ी संख्या में ग्रामीण धरने पर डटे हुए हैं। शहर के भंगेड़ी महावतपुर में मुख्य सड़क के निर्माण कार्य पर सेना के आपत्ति जताने पर एक मार्च को सेना और ग्रामीणों का टकराव हो गया था। करीब आठ घंटे तक धरना प्रदर्शन कर ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर विरोध दर्ज कराया था। पुलिस प्रशासन और नेताओं ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया था। वार्ता में 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। अल्टीमेटम पीरियड के दौरान सड़क का निर्माण कार्य शुरू करने की मांग उठी थी। पांच मार्च को ग्राम प्रधान नरेंद्र कुमार, शहजाद अली और गांव के लोकल जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में धरने प्रदर्शन की घोषणा की गई थी। मंगलवार को देर शाम तक ग्रामीण गांव में डटे रहे थे। इसके बाद ग्रामीणों ने बुधवार से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन का ऐलान कर दिया। सुबह नौ बजे के बाद भारी संख्या में ग्रामीण पुरानी तहसील पहुंच गए। जहां उन्होंने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मांग की है की सेना की ओर से निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया था। अब ग्रामीण तब तक धरने प्रदर्शन को खत्म नहीं करेंगे जब तक निर्माण कार्य को दोबारा शुरू नहीं कर दिया जाता। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की मुख्य सड़क पक्की होने से करीब एक लाख की आबादी को बड़ी राहत मिलेगी। क्योंकि 24 घंटे मुख्य सड़क से हजारों लोगों और वाहनों की आवाजाही होती है। लेकिन फिलहाल पूरी तरीके से तैयार नहीं हुई सड़क से मुसीबत बनी हुई है। उबड़ खाबड़ सड़क होने से लोगों के चोटिल होने की दिक्कत आए दिन झेलनी पड़ती है। इसलिए ग्रामीणों की मांग है कि गांव के मुख्य सड़क को पक्की बनवा कर ग्रामीणों को राहत दिलाई जाए। धरने प्रदर्शन पर किसान संगठन के पदाधिकारी और राजनीतिक लोग पहुंच रहे हैं। भावना पांडेय ने भी धरना प्रदर्शन को समर्थन दिया है। धरने प्रदर्शन में परशुराम, डॉ. बलराम, यूनुस, पप्पू, जावेद, रविंद्र पुंडीर और अमित राणा आदि मौजूद रहे।

Advertisement