हत्या की साजिश रचने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार
रुड़की । ग्रामीण की हत्या की सुपारी लेकर एक नाबालिग सहित दो लोगों को हत्या के लिए अनुबंधित करने वाले वांछित आरोपी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। जिसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई है। आरोपी को चालान करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। कोतवाली क्षेत्र के गांव आमखेड़ी निवासी धर्मवीर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था की पांच फरवरी को जब वह अपनी बाइक पर सवार होकर ईंट भट्टे से वापस लौट रहा था तब उस पर दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग की थी। जिसमें वह बाल बाल बच गया था। पुलिस ने इस संबंध में दो आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था। पिछले दिनों पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जिन में एक आरोपी नाबालिग बताया गया था। एक आरोपी के कब्जे से पुलिस ने तमंचा व कारतूस बरामद किए थे। पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया था कि चंद्रपाल की हत्या करने के लिए आमखेड़ी निवासी एक युवक ने उन्हें रुपये दिए थे। साथ ही मोटरसाइकिल तमंचा व कारतूस भी उपलब्ध कराए थे। पुलिस पूछताछ में नाम प्रकाश में आने पर पुलिस आरोपी की तलाश में लग गई थी। जिसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को मुंडलाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपी का नाम रूपेश उर्फ राहुल निवासी ग्राम आमखेड़ी बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को चालान करने के बाद कोर्ट में पेश किया। प्रभारी कोतवाल धर्मेंद्र राठी का कहना है कि इस मामले में अभी जांच जारी है। यदि कुछ और नाम प्रकाश में आते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
