Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

बच्चों और विद्यार्थियों के लिए विकसित होंगे आधुनिक संसाधन, डीएम ने निर्माण कार्यों की परखी गुणवत्ता

बागेश्वर । जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं मनोरंजक वातावरण विकसित करने की दिशा में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने गुरुवार को तहसील परिसर स्थित निर्माणाधीन आधुनिक चिल्ड्रेन पार्क तथा जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने पार्क में आकर्षक लाइटिंग व्यवस्था विकसित करने के साथ बच्चों के लिए सुरक्षित खेल उपकरण, वॉकिंग पाथ, हरित क्षेत्र, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेंच स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्क को केवल मनोरंजन स्थल के रूप में नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और परिवारों के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने जिला पुस्तकालय का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने पुस्तकालय को अधिक व्यवस्थित, आकर्षक और विद्यार्थियों के अनुकूल बनाने पर बल देते हुए रीडिंग कॉर्नर, ज्ञानवर्धक पुस्तकों और सामग्री की उपलब्धता, बेहतर बैठने की व्यवस्था तथा आधुनिक सुविधाओं के विकास के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं में अध्ययन संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए पुस्तकालयों को प्रेरणादायी शिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करना आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने ग्रामीण निर्माण विभाग और शिक्षा विभाग को संयुक्त रूप से विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि पुस्तकालय को आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुस्तकालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था, विशेषकर शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजय भारती, तहसीलदार ऋतु गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी के इस निरीक्षण को जिले में सार्वजनिक सुविधाओं की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों के लिए बेहतर अधोसंरचना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Advertisement