July 2, 2026

ऋषिकेश में 29 मार्च से प्रदर्शित होगी फिल्म पहाड़ी रत्न श्रीदेव सुमन


ऋषिकेश ।  29 मार्च को ऋषिकेश में उत्तराखंडी फीचर फिल्म पहाड़ी रत्न श्रीदेव सुमन का प्रदर्शन होगा। यह फिल्म टिहरी रियासत के खिलाफ बिगुल फूंकने वाले शहीद श्रीदेव सुमन की जीवनी पर आधारित है। मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के देहरादून रोड स्थित कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें उत्तराखंडी फीचर फिल्म पहाड़ी रत्न श्रीदेव सुमन के पोस्टर का विमोचन महासभा के संस्थापक अध्यक्ष ड़ॉ. राजे सिंह नेगी, फिल्म निर्माता विक्रम नेगी पहाड़ी ने संयुक्त रूप से किया। फिल्म निर्माता विक्रम सिंह नेगी पहाड़ी ने बताया कि फिल्म बनाने का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को बलिदानी श्रीदेव सुमन द्वारा राजशाही के खिलाफ फूंके गए बिगुल और उनके द्वारा किये गए संघर्ष से अवगत कराना है। फिल्म की अधिकांश शूटिंग श्रीदेव सुमन के मूल गांव जौल सिलोगी, हरिद्वार, देहरादून ऋषिकेश, रानीपोखरी, यमकेश्वर ब्लाक में हुई है। श्रीदेव सुमन ने टिहरी राजशाही के खिलाफ 84 दिनों तक भूखे रहकर अपने प्राणों की आहुति दी और टिहरी को राजशाही से मुक्ति दिलाई और अमर शहीद हो गए। आज की युवा पीढ़ी को भी जानकारी होनी चाहिए, उनके पूर्वज ऐसे महान क्रांतिकारी थे। जिन्होंने अपना वर्तमान हमारे भविष्य के लिए न्यौछावर कर दिया। महासभा अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी ने कहा कि 29 मार्च से रोजाना इस फिल्म का एक शो में सुबह 11:30 बजे से ऋषिकेश के सिनेमाघर रामा पैलेस में दर्शायी जाएगी। उन्होंने आंचलिक भाषा के उत्थान के लिए सभी क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर फ़िल्म देखने की अपील की। मौके पर फिल्म के मुख्य अभिनेता राजेश मालगुडी, अभिनेत्री शिवानी भंडारी, अनुज कंडारी, टीना नेगी, पदम् गुसाईं, रोशन उपाध्याय, प्रकाश बिष्ट, निर्देशक बृज रावत, राजेन्द्र नेगी, गीत बृजमोहन बेदवाल, संगीत श्रवण भारद्वाज, सुमित गुसाईं, पटकथा देवी प्रसाद सेमवाल, कोरियोग्राफर अरविंद नेगी, ड़ॉ. एमआर सकलानी, छायांकन राजेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे।