Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 9, 2026

जनता में मोदी सरकार के प्रति असंतोष: गोविन्द सिंह कुंजवाल


अल्मोड़ा ।  पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल ने नगर के एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि लोग मोदी सरकार की योजनाओं से परेशान हैं। जनता में मोदी सरकार के प्रति बहुत असन्तोष है। उन्होंने कहा पूर्व कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में दो बड़ी यात्राएं निकाली, जिसमें हजारों किलोमीटर की यात्रा में उन्होंने देश की जमीनी सच्चाई का आंकलन किया। उन्होंने परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं के शिकार युवाओं के हितों के लिए कठोर कानून लाने की बात कही। अपने संबोधन में गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए गरीबों, पिछड़ों और दलितों के उत्थान के लिए कई योजनाएं बनाई। कई विकास कार्य किए लेकिन भाजपा के सत्ता में आने के बाद विकास कार्य अवरुद्ध हो गए हैं। भाजपा सरकार में देश में महंगाई, बेरोजगारी, महिला अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र के पांच न्याय व 25 गारंटी को लेकर जनता में विश्वास है। उन्होंने कहा कांग्रेस सरकार आने पर आंगनबाड़ी भोजन माता व आशा कार्यकत्रियों का वेतन दोगुना किया जायेगा। महिलाओं को सरकार की सभी सुविधाओं की जानकारी के लिए ग्राम सभा स्तर पर महिला मैत्री की नियुक्ति होगी, सावित्री बाई होस्टल की संख्या दोगुनी होगी। किसान न्याय योजना, एमएसपी लागू किया जाएगा तथा कर्ज माफी हेतु स्थाई आयोग का गठन होगा। किसान को फसल बीमा का तीस दिनों के भीतर बीमा धन का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कांग्रेस हर वर्ग की जनगणना करेगी। कांग्रेस आरक्षण के दायरे में सभी वर्गों को शामिल करेगी, खत्तों की जमीन का कानूनी हक लोगों को दिया जाएगा, अपनी धरती अपना राज के तहत जनसंख्या हिस्सेदारी के तहत योजनाएं बनेंगी। कुंजवाल ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा न्यूनतम मजदूरी 400 रुपए, 40 लाख सरकारी नौकरियां, गरीब महिलाओं को एक लाख की मदद, ट्रेनिंग के लिए एक लाख की मदद, शहरी रोजगार गारंटी स्कीम लाने का वादा समेत अन्य जो वादे किए गए हैं, कांग्रेस की सरकार आते ही सभी वादों को पूरा करने का काम किया जाएगा। यहाँ पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज, तारू जोशी, परितोष जोशी तथा गठबन्धन में शामिल सीपीआईएम के आर पी जोशी, युसुफ तिवारी, सुनीता पांडे आदि उपस्थित रहे।

You may have missed

Advertisement