July 5, 2024

निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस-भाजपा में शुरू हुई दावेदारी


काशीपुर । नगर निकाय चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस में संभावित प्रत्याशियों ने दावेदारी शुरू कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के सामने जहां मेयर के लिए आठ नाम सामने आये वहीं कांग्रेस की बैठक में अरुण चौहान ने मेयर की दावेदारी का आवेदन महानगर अध्यक्ष को सौंपा है। शनिवार को गिरीताल स्थित एक होटल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने निकाय चुनाव को लेकर बैठक ली। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चुनाव में जुटने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष के सामने मेयर के लिए खिलेंद्र चौधरी, ऊषा चौधरी, दीपक बाली, सीमा चौहान, राहुल पैगिया, रवि पाल, डॉ. गिरीश तिवारी, डॉ. यशपाल रावत के नाम सामने आए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रायशुमारी के बाद जो एक नाम सामने आएगा टिकट उसी को मिलेगा। पार्टी सर्वे के आधार पर नाम की घोषणा करेगी। सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उसे ही एकजुट होकर चुनाव लड़ाएंगे। यहां विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, मोहन बिष्ट, पुष्कर बिष्ट, गुरविंदर सिंह चंडोक आदि मौजूद रहे। वहीं द्रोणासागर रोड स्थित कांग्रेस नवचेतना भवन में हुई बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव अरुण चौहान ने महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन को मेयर प्रत्याशी के लिए आवेदन सौंपा। वहीं वार्ड नं. 11 से राजू छीना, वार्ड नं. 21 से मो. आरिफ ने पार्षद पद की दावेदारी को आवेदन किया। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि निकाय चुनाव में मेयर और पार्षद का चुनाव लड़ने के संभावित दावेदार आपना आवेदन 16 मई तक जमा कर सकते हैं।
24 वार्डों के लिए 150 ने की दावेदारी
शनिवार को रतन सिनेमा रोड स्थित अग्रवाल सभा भवन में बैठक की अध्यक्षता भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक गोयल और मंडल प्रभारी अमित नारंग ने की। निकाय चुनाव के लिए आवेदन पत्र आंमत्रित किए गए। इस दौरान 24 वार्डों से 150 भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्षद पद के लिए दावेदारी पत्र जमा किए। नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक गोयल ने बताया कि हाईकमान के संज्ञान में आवेदन पत्र की जानकारी दे दी गई है। कहा कि भाजपा का जमीन से जुड़ा कार्यकर्ता आवेदन जमा कर सकता है। इस मौके पर प्रदेश मंत्री गुरविंदर सिंह चंडोक, इंतजार हुसैन, मोहन बिष्ट, आनंद वैश्य, ईश्वर चंद्र गुप्ता, सीमा चौहान, डॉ. गिरीश तिवारी आदि मौजूद रहे।