Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 3, 2026

शराब की दुकान नहीं हटी तो करेंगे आंदोलन, दिया ज्ञापन


अल्मोड़ा ।  भनोली तहसील अंतर्गत काफलीखान में शराब की दुकान खोलने के विरोध में ग्रामवासी, दुकानदार आक्रोशित हैं। इस सम्बन्ध में महिलाओं व स्थानीय लोगों ने तहसील में धरना-प्रदर्शन किया व उपजिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान महिलाऐं व ग्रामीण शराब नहीं शिक्षा दो के नारे लगाते हुए तहसील पहुंचे। उपजिलाधिकारी को दिए ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने कहा है कि आबकारी विभाग द्वारा ग्राम काफली, पोस्ट दुनाड़ तहसील भनोली के काफलीखान में शराब की दुकान स्थानीय लोगों व जनप्रतिनिधियों के विरोध के बाद भी खोल दी गई जो कि समस्त क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत चिंता का विषय है। शराब की दुकान के विरोध में क्षेत्रीय जनता व जनप्रतिनिधि ने एक माह पूर्व ही जिला अधिकारी, आबकारी अधिकारी, उप जिला अधिकारी, तहसीलदार को ज्ञापन दिया था जिस पर अमल नहीं किया गया। ज्ञापन के माध्यम से कहा है कि काफलीखान क्षेत्र अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं बाजार से लगा हुआ है जहाँ बाल विकास परियोजना कार्यालय एवं शराब की दुकान के बगल में मंदिर है तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना हो सकती है। ज्ञापन में कहा है कि क्षेत्रीय जनता, जनप्रतिनिधि ने शासन को पूर्व में चेताया है कि शराब की दुकान खुली तो विरोध में बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होना होगा। ग्रामवासियों, दुकानदारों ने ज्ञापन से कहा है कि आंदोलन करने से पूर्व क्षेत्र से शराब की दुकान हटाएँ। यहाँ ज्ञापन में नवीन लाल, रोहित कुमार, अजय कुमार, सागर कुमार, जानकी देवी, गुड्डी देवी, तुलसी देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुष, युवक मौजूद रहे।

Advertisement