March 7, 2026

महानगर कांग्रेस ने वार्ड दो में लगाई भाजपा में सेंध


रूद्रपुर ।   निकाय चुनाव की सरगर्मियों के बीच महानगर कांग्रेस ने वार्ड नंबर दो में भाजपा को बड़ा झटका दिया है। कृष्णा कालोनी में आयोजित सभा में वार्ड अध्यक्ष सुरेश यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामधारी गंगवार एवं वार्ड से पार्षद के टिकट के दावेदार सुनील राठौर के प्रयासों से महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सीपी शर्मा, महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्षा मीना शर्मा के समक्ष सैकड़ों लोगों ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस में शामिल हुए सभी लोगों ने नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को जिताने का संकल्प लिया। इस दौरान पार्टी में शामिल हुए सभी लोगों का कांग्रेस नेताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया।
इस दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सीपी शर्मा ने कहा कि भाजपा से जनता का मोह भंग हो गया है। लोकसभा चुनाव में जनता ने भाजपा के खिलाफ खुलकर मतदान किया। आगामी 4 जून को केन्द्र की जुमलों की सरकार का सफाया तय है। देश की जनता को तानाशाही से मुक्ति मिलने जा रही है। लोकसभा चुनाव के बाद आगामी निकाय चुनाव में रुद्रपुर की जनता को नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार से भी मुक्ति मिलने जा रही है। सीपी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने वार्ड स्तर पर निकाय चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। कांग्रेस नगर निकाय चुनाव को मजबूती से लड़ेगी। सभी वार्डों में कर्मठ और पार्टी के समर्पित जिताऊ प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा जायेगा। भाजपा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस में शामिल कराने में युवा नेता सुनील राठौर की अहम भूमिका रही है। महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक का चुनाव लड़ चुकी मीना शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का कुनबा लगातार बढ़ रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद पूरे देश में कांग्रेस के पक्ष में लहर चल रही है। खासकर युवा वर्ग आज खुलकर कांग्रेस के पक्ष में खड़ा हो गया है। बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा के विनाश का कारण बनने जा रहे हैं। मीना शर्मा ने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का है। कांग्रेस का राज आते ही देश में हर वर्ग की समस्याओं का समाधान होगा और देश तरक्की की राह

पर आगे बढेगा। पूर्व पार्षद मोहन खेड़ा ने कहा कि शहर की विभिन्न बस्तियों में भाजपा नेताओं के घमण्ड और उनकी तानाशाही से लोग त्रस्त हो चुके हैं। शहर की जनता इस बार नगर निगम चुनाव में ऐसे नेताओं को सबक सिखाने का मन बना चुकी है। उन्होने कहा कि विभिन्न बस्तियों में भाजपा के छुटभैये नेता पुलिस प्रशासन की आड़ लेकर लोगों को डरा धमका रहे है, और लोगों का शोषण कर रहे हैं। ऐसे लोगों को समय आने पर

करारा जवाब दिया जायेगा। पूर्व मेयर प्रत्याशी ममता रानी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ होने जा रहा है उसके बाद निकाय चुनाव में भी भाजपा को हार का स्वाद चखाया जायेगा। नगर महामंत्री सुनील आर्य बाबु विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष सतीश कुमार वरिष्ठ नेता गोपाल भसिन ,महामंत्री उमा सरकार आदि ने भी अपने विचार रखे।