‘मैं संसद में बनूंगा आपकी आवाज’, नीट परीक्षा विवाद पर छात्रों से बोले राहुल गांधी
नई दिल्ली । कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक मेडिकल प्रवेश परीक्षा विवाद पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री पद के लिए नामित नरेंद्र मोदी पर रविवार को निशाना साधा। राहुल ने कहा कि नए कार्यकाल के लिए मोदी के शपथ लेने से पहले ही परीक्षा में कथित अनियमितताओं के कारण 24 लाख से अधिक छात्रों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने देश के छात्रों को आश्वासन दिया कि वह संसद में उनकी आवाज बनेंगे और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाएंगे।
नीट-यूजी में अंक बढ़ाए जाने के आरोपों के बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार को बयान दिया। इसमें कहा गया कि शिक्षा मंत्रालय ने कृपांक पाने वाले 1,500 से अधिक अभ्यर्थियों के परिणामों की समीक्षा के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘नरेंद्र मोदी ने अभी शपथ भी नहीं ली है और नीट परीक्षा में हुई धांधली ने 24 लाख से अधिक छात्रों और उनके परिवारों को तोड़ दिया है।’
‘एक ही परीक्षा केंद्र से 6 छात्र अधिकतर अंक पाकर टॉप पर’
कांग्रेस के पूर्व प्रमुख ने कहा कि एक ही परीक्षा केंद्र से 6 छात्र अधिकतर अंक प्राप्त कर शीर्ष पर रहते हैं। उन्होंने कहा, ‘ऐसे अंक कितने छात्रों को मिलते हैं। यह तकनीकी रूप से संभव ही नहीं है, लेकिन सरकार प्रश्न पत्र लीक की संभावना को लगातार नकार रही है।’
