Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 3, 2026

दर्दनाक हादसा :   सवारियों से भरा टेंपो हरिद्वार हाईवे पर पलटा, दो बुजुर्गों की मौके पर मौत; 9 घायल


रुड़की ।  उत्तराखंड में एक और दर्दनाक हादसा हुआ है। हरिद्वार हाईवे पर टेंपो के पलटने से बुजुर्ग सवारियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में करीब आठ अन्य यात्री घायल हुए हैं। पुरकाजी हरिद्वार नेशनल हाईवे पर खानपुर थाना क्षेत्र में सवारी से भरा टेंपो पलट गया।
टेंपो में चालक के अलावा करीब 10 लोग और सवार थे। दुर्घटना में 65 साल और 60 साल के दो बुजुर्गों की मौत हुई है। जबकि 8-9 लोग घायल हुए हैं। पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है। दो दिन बाद पड़ रहे गंगा स्नान के पर्व के चलते प्रशासन ने मुजफ्फरनगर की तरफ से आ रहा ट्रैफिक शनिवार में पुरकाजी, लक्सर, हरिद्वार हाईवे पर डायवर्ट कर रखा था।
शनिवार को दोपहर बाद लक्सर से एक टेंपो खानपुर जा रहा था। टेंपो में चालक व एक व्यक्ति आगे बैठे थे। जबकि करीब 10 लोग पीछे मौजूद थे। ब्राह्मणवाला गांव की पुलिया के पास सामने से आ रहे ट्रैफिक से बचने के लिए चालक ने टेंपो कच्चे में उतरने की कोशिश की, तो वह अनियंत्रित होकर पलट गया। पीछे सवार लोग उसमें फंस गए।
चीख पुकार सुनकर इकट्ठा हुए लोगों ने तुरंत पलटे टेंपो को सीधा किया और उसमें फंसी सवारियों को बाहर निकाला। पर तब तक 65 वर्षीय शोभाराम निवासी दल्लावाला थाना खानपुर और 60 साल के एक अन्य बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी। बाकी 8-9 सवारियों को भी काफी चोट लगी है। सूचना पर खानपुर थाने के एसआई उपेंद्र सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शव कब्जे में लेने के साथ ही घायलों को अस्पताल भिजवाया।
उन्होंने बताया कि मृतकों में से एक बुजुर्ग की पहचान नहीं हुई है। उसका शव अभी मोर्चरी में रखवाया गया है। जबकि दूसरे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताया कि पुलिस मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Advertisement