Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 8, 2026

सड़क पर उतरे मेडिकल कॉलेज के आउटसोर्सिंग कर्मचारी


अल्मोड़ा । हड़ताल पर चल रहे मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का गुस्सा आज आसमान चढ़ गया। कई दिनों से मेडिकल कॉलेज परिसर में हो रहा प्रदर्शन आज सड़क पर उतर आया। उन्होंने माल रोड में नारेबाजी के साथ रैली निकाली। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार उनसे काम लिया जा रहा है, इसके बावजूद उन्हें गत करीब 04 महीनों से वेतन के लाले पड़े हैं। जिससे उनके समक्ष परिवार के भरण-पोषण का संकट पैदा हो गया है। वेतन भुगतान व पद स्वीकृत करने की मांग को लेकर उन्हें मजबूरन हड़ताल पर उतरना पड़ा है। इस हड़ताल से मेडिकल कालेज में सफाई व ओपीडी समेत तमाम व्यवस्थाएं बुरी तरह चरमराई हुई हैं। सोमवार से कार्य बहिष्कार पर चल रहे मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने लंबित वेतन के भुगतान एवं पद सृजित करने की मांग को लेकर माल रोड में शिखर तिराहे से चौघानपाटा तक जुलूस निकाला। इस दौरान प्रदेश सरकार व स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद गांधी पार्क में सभा की। जिसमें आंदोलित कर्मचारियों ने कहा कि वे कोरोना काल से लगातार काम कर रहे हैं और लगातार काम लिया जा रहा है। हाल तक निर्धारित वेतन भी मिल रहा था। लेकिन बाद में अचानक वेतन रोक दिया गया। पिछले करीब 4 महीनों से वेतन नहीं मिला। वेतन नहीं मिलने से उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। वहीं भविष्य की चिंता सता रही है। यहाँ प्रदर्शन में विनोद कनवाल, सूरज, रीता, संजय, प्राची, नीरज, विवेक, गोपाल समेत दर्जनों आउटसोर्सिंग कर्मचारी शामिल रहे।

You may have missed

Advertisement