September 22, 2024

महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ कांग्रेस करेंगी दिल्ली में  प्रदर्शन, सालाना 1 लाख की माँग


रुद्रपुर । महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा सोनकर ने प्रेस वार्ता कर 29 जुलाई को दिल्ली में होने वाले आंदोलन में अधिक से अधिक महिलाओं से पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि नारी न्याय-प्रदर्शन किया जाएगा। इस पूरे आंदोलन की 3 बड़ी और महत्वपूर्ण मांगे केंद्र सरकार से की जा रही हैं।
शनिवार को कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष रेखा सोनकर ने कहा कि महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण और भागीदारी के तहत महिला आरक्षण क़ानून को तुरंत लागू किए जाना है और इसमें अति पिछड़े वर्ग की ओबीसी बहनों को आरक्षण और भागीदारी को सुनिश्चित करना है। दूसरी मांग आर्थिक सशक्तिकरण के तहत देश की आधी आबादी जो आज बढ़ती महंगाई और बेरोज़गारी से लड़ रही है, उसे राहत देने के लिए नारी न्याय के तहत महालक्ष्मी योजना के अनुसार, हर गरीब परिवार की एक महिला को सालाना एक लाख रुपया या हर महीने में 8 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता सीधा उनके बैंक खातों में दिया जाना है। जबकि तीसरी मांग सामाजिक न्याय और सुरक्षा का अधिकार देना है। सोनकर ने कहा की यह आंदोलन भारत की राजधानी दिल्ली से होते हुए हर राज्य की राजधानी, हर बड़े शहरों और ज़िलों तक में तब तक जारी रहेगा जब तक आधी आबादी की मांगों को पूरा नहीं किया जाता। इस अवसर पर खतीजा मलिक, कल्पना कन्याल मौजूद रही।