Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026

दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में सहारा बनी पहल, 480 लाभार्थियों को मिले सहायक उपकरण

बागेश्वर। दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन प्रदान करने की दिशा में बुधवार को नुमाइश मैदान में आयोजित कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर आशा और संवेदनशीलता का प्रतीक बनकर सामने आया। समाज कल्याण विभाग तथा कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में सैकड़ों जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप जीवनोपयोगी उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए गए।

शिविर के दौरान कुल 480 लाभार्थियों को व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल, श्रवण यंत्र, बैसाखी, छड़ी, कमर एवं घुटने की बेल्ट, दृष्टि संबंधी चश्मे समेत विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इन उपकरणों से दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को दैनिक जीवन की चुनौतियों का सामना करने में बड़ी सहायता मिलेगी तथा उनकी गतिशीलता और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी।

कार्यक्रम की एक अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में 71 व्यक्तियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी मौके पर ही बनाए गए, जिससे उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय, बागेश्वर विधायक पार्वती दास, कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया, जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे, वरिष्ठ नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष नवीन चंद्र वर्मा, अनुश्रवण समिति की अध्यक्ष चम्पा आर्या, पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, नैना लोहुमी, दिलीप खेतवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस प्रकार के शिविर दिव्यांगजनों तथा वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन रहे हैं।

Advertisement