March 4, 2026

पेन कार्ड पर लिया लोन, किसने और कब पता नहीं


हल्द्वानी । हल्द्वानी में साइबर ठगी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति का पेन कार्ड प्रयोग कर साइबर ठगों ने 73 हजार से अधिक का लोन ले लिया। जबकि इस बारे में पेन कार्ड धारक को तो दूर फाइनेंस कंपनी को भी भनक नहीं लगी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। साइबर सेल को मामला ट्रांसफर करने के बाद टीम जांच में जुट गई है। इंद्रानगर निवासी मोहम्मद सलीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 जून को वह अपने हाउस लोन की जानकारी के लिए ऊधमसिंह नगर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा गया था। यहां पता चला कि उसकी सिविल कम है। लेकिन जब पता चला कि उनके पेनकार्ड पर कैपिटल ट्रस्ट की ओर से 73,969 रुपये का लोन पहले से चल रहा है और वर्तमान में लोन की धनराशि ब्याज के साथ 95337 हो चुकी है। इसकी किस्तें भी जमा नहीं की जा रही हैं। तो वह हक्का बक्का रह गया। आनन फानन में पीड़ित जब देवलचौड़ स्थित कैपिटल ट्रस्ट के प्रबंधक राहुल और सुल्तानपुर दिल्ली स्थित मुख्यालय में जानकारी लेने पहुंचा तो उन्होंने भी इसके बारे में कुछ नहीं बताया। पीड़ित ने अल्पसंख्यक आयोग से भी मामले की शिकायत की है। एसओ वनभूलपुरा नीरज भाकुनी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

You may have missed