Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 2, 2026

उत्तराखंड संकटाग्रस्त वयोवृद्ध पत्रकार पेंशन योजना में 15 साल की मान्यता हो खत्म, पूर्व सीएम हरीश रावत को पत्रकारों का ज्ञापन

अल्मोड़ा। जिला मुख्यालय के पत्रकारों ने पूर्व सीएम हरीश रावत को शुक्रवार को यहां एक ज्ञापन सौंपा। इसमें उत्तराखंड संकटाग्रस्त वयोवृद्ध पत्रकार पेंशन योजना के प्राविधान में व्यवहारिक परिवर्तन के लिए अपने स्तर से पहल करने की मांग की गई। सामूहिक तौर पर दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में उत्तराखंड संकटाग्रस्त वयोवृद्ध पत्रकार पेंशन योजना लागू है जोकि उनके सीएम रहने के दौरान लागू हुई थी। वर्तमान में इसकी पात्रता के लिए 15 साल की लगातार मान्यता का नियम रखा गया है जोकि प्रदेश के जरूरतमंद बुजुर्ग पत्रकारों को पेंशन प्राप्त करने से वंचित कर रहा है। ज्ञापन में यह कहा गया है कि प्रदेश के जिला स्तर पर आम तौर पर प्रत्येक अखबार के एक प्रतिनिधि को मान्यता मिलती है। जबकि ब्यूरो में कई पत्रकार लंबे समय से काम करते आ रहे हैं। ऐसे में पेंशन के लिए 15 साल की मान्यता का प्राविधान किसी प्रकार उचित नहीं है। रावत से अनुरोध किया गया है कि वर्तमान में लागू इस प्राविधान में आवश्यक संशोधन करवाने की सरकार के स्तर पर अपने स्तर से पहल करेंगे। ताकि जरूरतमंद पत्रकारों को पेंशन का लाभ मिल सके। पूर्व सीएम रावत ने इस मामले में मुख्यमंत्री से वार्ता करने का आश्वासन दिया है।

Advertisement