आरोपी की गिरफ्तारी और सल्ट थानाध्यक्ष के तबादले की मांग
अल्मोड़ा । किशोरी से छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोपी की गिरफ्तारी और सल्ट थानाध्यक्ष का तबादला नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दे दी। मौलेखाल ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। यूथ कांग्रेस के सल्ट विधानसभा अध्यक्ष अमित रावत ने आरोप लगाया कि भाजपा के संरक्षण में नेता खुलेआम छेड़छाड़ की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। लेकिन अब तक आरोपी मंडल अध्यक्ष भगवत बोरा की अब तक गिरफ्तारी नहीं की गई है। आरोप लगाया कि सरकार के दबाव में प्रशासन और पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है। चेतावनी दी कि शनिवार शाम तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आत्मदाह करने को मजबूर होंगे।
