Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 20, 2026

डीएम ने आपदा प्रभावित बहुगुणा नगर का किया निरीक्षण, प्रभावितों की सुनी समस्या


चमोली ।  जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने रविवार को कर्णप्रयाग के भू धसाव क्षेत्र बहुगुणा नगर का निरीक्षण किया और प्रभावितों की समस्या सुनी। बहुगुणा नगर में भूधंसाव के कारण 39 परिवार प्रभावित है। प्रभावित परिवारों को बमोथ और ग्वाड में विस्थापन का प्रस्ताव शासन को पहले ही भेजा गया है। प्रभावितो ने जिलाधिकारी से कहा कि वो विस्थापन नहीं चाहते है। भूधंसाव से उनके मकानों को जो क्षति हुई है उसका निर्धारित सर्किल रेट पर उनको मुआवजा दिया जाए और उसके बाद बहुगुणा नगर का ट्रीटमेंट किया जाए। उप जिलाधिकारी ने बताया कि 39 परिवारों में से एनएच की कटिंग से प्रभावित चार परिवारों को मुआवजा दिया जा रहा है और एक अन्य  परिवार का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जबकि 34 परिवारों को सर्किल रेट पर मुआवजा वितरण के लिए 13.85 करोड़ का मूल्यांकन किया गया है। सिंचाई विभाग द्वारा बहुगुणा नगर के ट्रीटमेंट के लिए 41 करोड़ की डीपीआर बनाई गई है। जिलाधिकारी ने प्रभावितों को आश्वस्त किया कि सभी प्रकरणों का अध्ययन करते हुए शासन से मामले का निस्तारण हेतु अवगत कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, एसडीएम संतोष पांडेय, तहसीलदार सुधा डोभाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके जोशी सहित एनएच और सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद थे।      

Advertisement