Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 1, 2026

प्रीपेड मीटर लगा लोगों की जेब में डाका डाल रही सरकार: सुमित हृदयेश


हल्द्वानी ।  हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने सरकार के घर-घर में अदाणी कंपनी के प्रीपेड मीटर लगाने के काम को जनता की जेब में डाका डालना बताया है। बुधवार को प्रेस को जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि राज्य में युवा रोजगार से वंचित हैं लोगों के काम-धंधे बंद हो रहे हैं। महंगाई चरम पर है। ऐसे में सरकार जनता को और त्रस्त करने के लिए प्रीपेड मीटर लेकर आई है। मोबाइल फोन की तरह रिचार्ज कराने पर ही घर-घर पर बिजली का बल्ब जलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार कोई प्राइवेट लिमिटेड कंपनी नहीं होती है। सरकार जन कल्याणकारी होती है। ऐसे में प्रीपेड मीटर लगाकर यह सरकार पहले से परेशान लोगों की परेशानी को और बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जब लोगों के घरों में पहले से मीटर लगा हुआ है तो प्रीपेड मीटर की क्या जरूरत है। स्मार्ट मीटर के नाम पर लगाए जा रहे प्रीपेड मीटर का ठेका अदाणी ग्रुप को फायदा पहुंचाने के लिए दिया गया है। उन्होंने कहा कि जनता की जेब में डाका डालने की सरकार की इस कोशिश का कांग्रेस हर संभव विरोध करेगी। इसके लिए हम लोग रणनीति बना रहे हैं।

Advertisement