March 4, 2026

चमोली जिले में अध्यक्ष पद के लिए 43 प्रत्याशी चुनाव मैदान में


चमोली । चमोली जिले के 10 नगर निकायों के चुनाव में 54,177 मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करते हुए अध्यक्ष और वार्ड सदस्य पदों के लिए प्रत्याशियों का चयन करेंगे। चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए 43 और पार्षद पद के लिए 179 उम्मीदवार मैदान में हैं। सभी प्रत्याशी और उनके समर्थक घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं। निर्दलीय प्रत्याशी भी जोर-शोर से प्रचार में जुटे हैं। जिले में कुल 80 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें 26 पोलिंग बूथ को संवेदनशील और 7 को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, प्रचार में तेजी और गर्मी बढ़ती जा रही है। भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों ने चुनाव को लेकर अपने-अपने दिग्गज नेताओं को मैदान में उतारने की रणनीति बनाई है। भाजपा के प्रचार अभियान को धार देने के लिए जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत आज से चुनावी मैदान में उतरेंगे। वे गैरसैंण से प्रचार की शुरुआत करेंगे और जिले के सभी निकाय क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर जनता से वोट की अपील करेंगे। दूसरी ओर कांग्रेस ने 40 से अधिक वरिष्ठ नेताओं को चुनाव प्रचार में उतारा है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुकेश नेगी के अनुसार, पार्टी कार्यकर्ता हर घर जाकर मतदाताओं से वोट की अपील कर रहे हैं।

You may have missed