February 19, 2025

मानवता की भलाई के लिए मेरा 99% धन : वारेन बफे


नई दिल्ली । दुनिया के सबसे सफल निवेशकों में से एक बर्कशायर हैथवे के सीईओ वॉरेन बफे अपने अरबों डॉलर के साम्राज्य को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार खबर यह है कि उन्होंने अपनी संपत्ति को लेकर योजना स्पष्ट कर दी है। इसमें उन्होंने अपनी संपत्ति के वारिसों के बारे साफ कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया यह जा रहा है कि उनके करीबी दोस्त बिल गेट्स को इस संपत्ति में से एक पैसा भी नहीं मिलेगा।
वॉरेन बफे की कुल संपत्ति 2025 तक लगभग 118 अरब डॉलर है, जिससे वह दुनिया के शीर्ष पांच अमीर व्यक्तियों में शामिल हैं। उनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा उनकी कंपनी बर्कशायर हैथवे में निवेश के रूप में है। वॉरेन बफे हमेशा से अपनी सादगी और परोपकारी दृष्टिकोण के लिए प्रसिद्ध रहे हैं।
बफे ने स्पष्ट किया है कि उनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा उनके परोपकारी मिशनों और चैरिटी में जाएगा। उन्होंने गिविंग प्लेज नामक पहल के तहत अपनी संपत्ति का 99% हिस्सा दान करने का वादा किया है। इसके अलावा, वॉरेन बफे के पारिवारिक सदस्यों में उनके तीन बेटे सुसान, हावर्ड और पीटर भी उनकी संपत्ति के वारिस होंगे। हालांकि, बच्चों को उनकी संपत्ति का छोटा हिस्सा ही मिलेगा। बफे का मानना है कि बच्चों को पर्याप्त पैसा मिलना चाहिए, ताकि वे कुछ भी कर सकें, लेकिन इतना नहीं कि वे कुछ करना बंद कर दें।
वॉरेन बफे की संपत्ति का अधिकांश हिस्सा बिल और मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन और अन्य चैरिटी संगठनों को दिया जाएगा। गिविंग प्लेज के तहत वॉरेन बफे ने अपने करीबी सहयोगियों के साथ वैश्विक परोपकारी परियोजनाओं में हिस्सा लेने का संकल्प लिया है।
वॉरेन बफे और बिल गेट्स की दोस्ती दशकों पुरानी है और दोनों एक-दूसरे के विचारों का सम्मान करते हैं। हालांकि, बफे ने हमेशा स्पष्ट किया है कि उनकी संपत्ति का उपयोग मानवता की भलाई के लिए होना चाहिए, न कि व्यक्तिगत मित्रों या परिचितों के लिए उसका इस्तेमाल हो। वॉरेन बफे का मानना है कि धन का इस्तेमाल समाज की सेवा के लिए होना चाहिए। उन्होंने अपने बच्चों को कड़ी मेहनत और खुद की सफलता के लिए प्रेरित किया है।