Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026

मतदाता सूची से नाम गायब होने पर रोष


कोटद्वार ।   उत्तराखंड क्रांति दल की स्थानीय इकाई ने निकाय चुनाव में उत्तराखंड के हजारों मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से गायब होने पर रोष व्यक्त किया है। इस संबध में शुक्रवार को शिब्बू नगर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में दल के वरिष्ठ नेता डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने कहा कि बड़ी संख्या में मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से गायब होने और बूथ प्रबंधन ठीक से नहीं होने के कारण चुनाव परिणामों के प्रभावित होने की आशंका है। कहा कि दल की ओर से तीन माह पूर्व ही मतदाता सूचियों से मतदाताओं के नाम गायब होने की शिकायत एसडीएम, नगर आयुक्त और जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल को लिखित में दे दी गई थी। इसके बाद भी निर्वाचन से जुड़े हुए अधिकारियों ने जानबूझकर मतदाता सूची को ठीक न कर कानून की अवहेलना की। कहा कि इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। बैठक में केंद्रीय महामंत्री सत्य प्रकाश भारद्वाज, हरीश द्विवेदी, सत्यपाल सिंह नेगी, पुष्कर सिंह रावत, मुकेश बड़थ्वाल, गुलाब सिंह रावत,भारत मोहन काला, विनोद चौधरी, विजय पाल सिंह, हरीश ध्यानी और प्रवेश चंद्र नवानी आदि शामिल रहे।

Advertisement