फायर सीजन में अलर्ट रहें कर्मचारी : एसपी
बागेश्वर । पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने शनिवार को फायर स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों की जांच की। उन्होंने कहा कि अब फायर सीजन शुरू हो गया है। गत वर्ष की आग की घटनाओं से सबक लेते हुए अलर्ट रहने को कहा। सबसे पहले एसपी फायर स्टेशन में (नियंत्रण कक्ष) वॉचरूम को चेक किया। वॉचरूम ड्यूटी पर दिव्या बिष्ट ड्यूटी पर तैनात पाई गईं। एसपी ने बिष्ट को वॉचरूम ड्यूटी की जिम्मेदारी और एमटीडी सेट के बारे में जानकारी ली। इस पर उन्होंने संतोष जताया। इसके बाद उन्होंने स्टोर, कार्यालय, भोजनालय, बैरक सहित परिसर में हो रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया एवं परिसर की सफाई पर प्रसन्नता व्यक्त की। इसके बाद एसपी ने फायर स्टेशन में उपलब्ध समस्त वाहनों/मशीनों/आपदा उपकरणों को देखा। इस मौके पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गोपाल सिंह रावत आदि मौजूद रहे।
