लावारिस जानवरों से परेशान किसानों ने किया प्रदर्शन

बागेश्वर । लावारिस जानवरों से जिला मुख्यालय से लेकर ग्राीमण क्षेत्र के लोग परेशाान हैं। परेशान किसानों ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि लावारिस जानवर तीन महीने से उनकी मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। उन्होंने इन जानवरों को कई बार गोसदन भेजने की मांग कर दी है, लेकिन आज तक उनकी मांगों की अनसुनी की जा रही है। न्याय पंचायत रवाईंखाल के ग्राम मंगरु प्रहरी, बिजोरीझाल के लोग बुधवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि तीन महीने से लावारिस जानवर उनकी खेती चौपट कर रहे हैं। इन जानवरों को लोग वाहनों में लाकर यहां छोड़ रहे हैं। किसने छोड़ा इसका पता आज तक नहीं चल पाया है, लेकिन यही जानवर अब उनके लिए मुसीबत का सबब बने हुए हैं। जानवरों ने फसल के अलावा उनके सब्जी उत्पादन को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने जिलाधिकारी से इन जानवरों को गोसदन भेजने की मांग की है। इस मौके पर भगवती देवी, लीला देवी, धनुली देवी, लछिमा देवी, गीता देवी, चम्पा परिहार, अंजू कोहली, दीपा, विमला, कमला ऐठानी, गंगा ऐठानी आदि मौजूद रहे।