दुर्बिल गांव में एक शिक्षक के भरासे 32 छात्रों का भविष्य
उत्तरकाशी । नौगांव ब्लॉक के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय दुर्बिल में अध्ययनरत 32छात्र छात्राओं का भविष्य एकल शिक्षक के भरोसे है। ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय में अतिरिक्त शिक्षक की तैनाती की मांग को लेकर डीएम उत्तरकाशी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने जिला अधिकारी को अवगत करवाया है कि दुर्बिल गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में 32छात्र छात्राएं अध्यनरत हैं जिन्हें पढ़ाने के लिए मात्र एक ही शिक्षक तैनात है, जबकि एक अकेला शिक्षक पांच कक्षाओं को किस तरह पढ़ायेगा। कहा कि वर्तमान में तैनात एकल शिक्षक स्कूली कागजी कार्रवाई, उपस्थिति पंजिका, सरकारी कार्य आदि भी सम्पन्न करते हैं, जिस कारण छात्र छात्राओं की पढ़ाई भी बाधित रहती है। साथ ही कहा कि आगामी नए शिक्षा सत्र में स्कूल में गांव के ही एक दर्जन से अधिक नए प्रवेश होने की संभावना है। जिस कारण ग्रामीण एकल शिक्षक की व्यवस्था से अपने बच्चों के भविष्य को लेकर काफी चिंतित हैं। समस्त ग्रामीण और अभिभावक सरकार और डीएम उत्तरकाशी से विद्यालय में अतिरिक्त शिक्षक की मांग कर रहे हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता महाबीर पंवार माही ने अतिरिक्त शिक्षक की मांग करते हुए कहा कि दुरस्थ दुर्बिल गांव के प्राथमिक विद्यालय में नए सत्र में और अधिक प्रवेश होने से विद्यालय में अतिरिक्त शिक्षक की अति आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि ब्लॉक नौगांव में जिस विद्यालय में छात्र संख्या 10 से कम है और उन जगहों पर 2-2 शिक्षक तैनात हैं तो ऐसे विद्यालय से दुर्बिल में छात्र संख्या को देखते हुए एक अतिरिक्त शिक्षक उपलब्ध किया जाय। जिससे छात्र-छात्राओं का अध्ययन कार्य सुचारू रूप से चल सके।
