निकाय चुनाव में वोट दे चुके लोगों के नाम पंचायत से हटाएं
देहरादून कांग्रेस ने पंचायतों की वोटर लिस्ट को अंतिम रूप देने से पहले निकायों की वोटर लिस्ट की विसंगतियों को दूर करने की मांग उठाई है। कहा कि जिन लोगों ने निकाय चुनाव में वोट दिया है, उनके नाम पंचायतों की वोटर लिस्ट से हटाएं जाएं। इसे लेकर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को सहायक जिला निर्वाचन कार्यालय के माध्यम से राज्य निर्वाचन आयुक्त को ज्ञापन प्रेषित किया है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पंचायतों की अंतिम वोटर लिस्ट तब तक जारी न की जाए, जब तक निकाय चुनाव में वोटर लिस्ट में आई विसंगतियों को दूर नहीं किया जाता है। कहा कि नगर निकाय या पंचायत के सभी मतदाताओं के नाम केंद्रीय चुनाव आयोग से जारी मतदाता फोटो पहचान पत्र के क्रमांक से लिंक किए जाएं। ताकि एक ही व्यक्ति के पंचायत और निकाय में वोट होने की संभावना न रहे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय चुनाव आयोग के प्रावधानों को पंचायत में भी लागू किया जाए। प्रतिनिधिमंडल में शामिल सुजाता पॉल ने कहा की फ्लोटिंग वोट बैंक का इस्तेमाल कर वोटरों को चुनाव के समय पर एक से दूसरी जगह पर ले जाकर चुनाव को प्रभावित किया जाता है। पंकज क्षेत्री ने कहा यह चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि जनता के मताधिकार को सुरक्षित रखें और जो नियम कायदे के विरुद्ध वोटर लिस्ट के साथ खिलवाड़ करें उनको चिन्हित कर सजा दी जाए। कांग्रेस प्रवक्ता आशीष नौटियाल और मधुसूदन सुंदरियाल ने कहा की बहुत बड़ी पैमाने पर लोगों के नाम वोटर लिस्ट से कैसे हटे इसका जवाब चुनाव आयोग को देना चाहिए और साथ यह सुनिश्चित करना चाहिए की पंचायत चुनाव में किसी प्रकार की धांधलेबाजी ना हो।
