Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 8, 2026

बिनसर महादेव धाम के पास शराब की दुकान के विरोध में आंदोलन तेज़


अल्मोड़ा ।  बिनसर महादेव धाम के निकट सोनी देवलीखेत में शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में अब महिला मंगल दल और युवक मंगल दल भी आंदोलनकारियों के समर्थन में उतर आए हैं। दुकान का ठेका होने के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कृषक कृषि बागवानी और उद्यमी संगठन के महासचिव दीपक करगेती और हिमांशु आर्या के नेतृत्व में चल रहे क्रमिक अनशन को अब देवलीखेत दुभना महिला मंगल दल और युवक मंगल दल ने भी अपना समर्थन दिया है। जहां दीपक करगेती सोनी डांट पर आंदोलन कर रहे हैं, वहीं महिला मंगल दल और युवक मंगल दल ने देवलीखेत में प्रदर्शन शुरू कर दिया है। युवक मंगल दल के दिनेश रावत ने कहा कि सरकार ग्रामीणों को नशे में धकेलने का प्रयास कर रही है, जो बेहद निंदनीय है। उधर, दीपक करगेती ने आशंका जताई कि शराब की निकासी जल्द शुरू की जा सकती है और आरोप लगाया कि रानीखेत विधायक, जो पहले ‘नशा हटाओ, पहाड़ बचाओ’ के नाम पर माताओं को गुमराह कर चुके हैं, अब शराब का ठेका खुलवाने की कोशिश में लगे हैं। हिमांशु आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री, जो दिल्ली में मोहल्लों में शराब की दुकान खोलने पर केजरीवाल को कोसते थे, अब खुद गांव-गांव में ठेके खुलवा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धामी सरकार मंदिर परिसरों के रास्तों को भी नहीं छोड़ रही है। महिला मंगल दल की कमला देवी ने कहा कि शराब को रोकने की शपथ लेने वाले विधायक अब जनता का सामना करने से भी बच रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार चाहे जो करे, लेकिन शराब की दुकान यहां नहीं खुलने दी जाएगी। आंदोलन को प्रकाश चंद्र पंत, प्रकाश पढ़लिया, राजेंद्र पढ़लिया ने समर्थन दिया, जबकि देवलीखेत में भूपेंद्र बिष्ट, उमेश रावत, दिनेश रावत, आनंद बिष्ट, रोहित बिष्ट, प्रखर बिष्ट और भास्कर बिष्ट भी धरने पर बैठे।

You may have missed

Advertisement