March 11, 2026

गरुड में पत्रकारों ने किया सरकारी कार्यक्रमों के बहिष्कार का ऐलान, सूचना न दिए जाने पर विरोध

बागेश्वर गरुड । गरुड़ में शुक्रवार को स्थानीय पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पत्रकारिता से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक में पत्रकारों ने प्रशासन द्वारा की जा रही उपेक्षा और सूचना नहीं देने की घटनाओं पर गहरी नाराजगी जताई।

पत्रकारों ने बताया कि हाल ही में क्षेत्र में जिलाधिकारी का दौरा, पोस्टर विमोचन कार्यक्रम सहित कई सरकारी आयोजन बिना किसी मीडिया सूचना के हुए। इस प्रकार की अनदेखी को लेकर पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है। वरिष्ठ पत्रकारों ने कहा कि प्रशासन की यह कार्यशैली न केवल प्रेस की स्वतंत्रता के खिलाफ है, बल्कि जनता को भी सूचना से वंचित करती है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 11 अप्रैल से क्षेत्र के सभी पत्रकार सरकारी सूचनाओं और सरकारी कार्यक्रमों का पूर्ण रूप से बहिष्कार करेंगे। किसी भी कार्यक्रम को कवरेज नहीं दी जाएगी और समाचार प्रकाशित नहीं किए जाएंगे। पत्रकारों ने एकजुटता के साथ चेतावनी दी कि जब तक प्रशासन संवाद नहीं स्थापित करता और सूचना तंत्र में पारदर्शिता नहीं लाता, तब तक यह विरोध जारी रहेगा।