Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 20, 2026

गरुड़ में गंदे पानी की आपूर्ति पर सख्त हुआ जिला प्रशासन, जल निगम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

बागेश्वर गरुड़ । नगर पंचायत गरुड़ क्षेत्र में गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने जल निगम को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

शनिवार को उपजिलाधिकारी गरुड़ जितेन्द्र वर्मा ने प्रभावित क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की स्थिति की गहन समीक्षा की साथ में अधिशासी अभियंता जल निगम वी.के. रवि और कनिष्ठ अभियंता अंजलि नेगी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि गरुड़ पंपिंग पेयजल योजना के फिल्टर सिस्टम में तकनीकी खराबी के चलते गंदे पानी की आपूर्ति हो रही थी। अधिशासी अभियंता वी.के. रवि ने बताया कि फिल्टर की खराबी का पता लगा लिया गया है और उसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जा रहा है। साथ ही पानी की टंकी की भी सफाई की जा रही है ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।

उपजिलाधिकारी जितेन्द्र वर्मा द्वारा गरुड़ पेयजल योजना के जल का सीलबंद नमूना लेकर जांच हेतु जल जीवन मिशन की प्रयोगशाला को भेजा गया है, ताकि जल की गुणवत्ता की वैज्ञानिक पुष्टि हो सके।

अधिशासी अभियंता ने आश्वासन दिया कि शनिवार शाम तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति पुनः सुचारु कर दी जाएगी।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने स्पष्ट रूप से कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा।

Advertisement