बागेश्वर में अग्निशमन विभाग का जागरूकता अभियान, स्कूली बच्चों ने सीखा आग पर काबू पाने का हुनर
मॉक ड्रिल के जरिए दिया गया अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण, आपात स्थिति में 112 पर सूचना देने की अपील
बागेश्वर। आगजनी की घटनाओं से बचाव और आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बागेश्वर पुलिस का अग्निशमन जनजागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार, 19 नवंबर को अग्निशमन विभाग की टीम ने जिम कॉर्बेट नेशनल स्कूल, बागेश्वर में विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान स्कूली बच्चों और विद्यालय स्टाफ को आग से बचाव के तरीके बताने के साथ ही आग बुझाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेंद्र मेहरा (IPS) के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दिनेश चन्द्र पाठक ने किया। फायर सर्विस की टीम ने विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं एवं समस्त स्टाफ को अग्नि सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। टीम ने आग के अलग-अलग प्रकारों, उनकी श्रेणियों तथा परिस्थितियों के अनुसार आग बुझाने के सही तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में कृत्रिम आग लगाकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें अग्निशमन कर्मियों ने विभिन्न प्रकार के अग्निशमन उपकरणों के संचालन का लाइव डेमो दिया और बताया कि आपात स्थिति में किस प्रकार सही उपकरण का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया जा सकता है। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ इस प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया और स्वयं अग्निशमन यंत्रों का उपयोग कर आग बुझाने के तरीके सीखे।
घबराएं नहीं, तुरंत 112 पर दें सूचना
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दिनेश चन्द्र पाठक ने बच्चों एवं विद्यालय स्टाफ को आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देते हुए कहा कि अग्नि दुर्घटना के समय घबराने के बजाय सूझबूझ और सतर्कता से काम लेना बेहद जरूरी है। उन्होंने अपील की कि आगजनी की किसी भी घटना की सूचना तत्काल आपातकालीन नंबर 112 अथवा नजदीकी फायर स्टेशन को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर जन-धन की हानि को रोका जा सके।
इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया, बल्कि उन्हें आपात परिस्थितियों से निपटने का व्यावहारिक अनुभव भी मिला। पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की इस पहल को बच्चों की सुरक्षा और समाज में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
