जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने वृद्धों और नन्हीं बालिकाओं के बीच पहुंचकर जाना हाल, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बुजुर्गों से आत्मीय संवाद कर जाना कुशलक्षेम, बालिकाओं से पढ़ाई और सुविधाओं पर की बातचीत; अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने जनपद में संचालित राजकीय वृद्ध एवं अशक्त आवास गृह तथा राजकीय बालिका आश्रम पद्धति विद्यालय का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने न केवल संस्थानों की व्यवस्थाओं को परखा, बल्कि वहां रह रहे बुजुर्गों और अध्ययनरत नन्हीं बालिकाओं से सीधे संवाद कर उनकी जरूरतों, समस्याओं और अपेक्षाओं को भी जाना।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय बालिका आश्रम पद्धति विद्यालय पहुंचकर छात्राओं से आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बालिकाओं की पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या, खानपान और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने राजकीय वृद्ध एवं अशक्त आवास गृह का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने निवासरत बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और आत्मीयता के साथ बातचीत की। उन्होंने बुजुर्गों को मिलने वाले भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं, आवासीय व्यवस्था तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी लेते हुए उनकी व्यक्तिगत समस्याओं और किसी भी प्रकार की असुविधा के बारे में पूछा।
बेहतर सुविधाएं देना प्रशासन की प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दोनों संस्थानों में निवासरत बुजुर्गों एवं बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उनकी जरूरतों और समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
उन्होंने संस्थानों में स्वच्छता, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के साथ ही नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी का यह निरीक्षण प्रशासन की उस जिम्मेदारी को रेखांकित करता है, जिसमें समाज के बुजुर्गों के सम्मान, सुरक्षा और नन्हीं बालिकाओं की बेहतर शिक्षा, देखभाल एवं सुविधाओं को प्राथमिकता देना शामिल है।
