Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 19, 2026

धीमी रफ्तार पर डीएम अपूर्वा पाण्डे सख्त, कुंती नाले के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

मंडलसेरा में निर्माणाधीन कुंती नाले का किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों से मांगी कार्य पूर्ण होने की निश्चित तिथि; गुणवत्ता से समझौता न करने की दी चेतावनी

बागेश्वर। मंडलसेरा क्षेत्र में जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए निर्माणाधीन कुंती नाला परियोजना को लेकर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और निर्माण गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अब निर्माण कार्य की प्रगति को लेकर केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्ययोजना और निश्चित समयसीमा प्रस्तुत करनी होगी। उन्होंने सिंचाई विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की समयसीमा तय कर कार्य समाप्ति की निश्चित तिथि उपलब्ध कराई जाए। साथ ही नियमित प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाए, ताकि कार्यों की लगातार निगरानी की जा सके।

ड्रेनेज व्यवस्था में कोई कमी न रहे, सभी विभाग आपसी समन्वय से करें काम

जिलाधिकारी ने कहा कि कुंती नाला केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि मंडलसेरा क्षेत्र की भविष्य की जल निकासी व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण दीर्घकालिक परियोजना है। इसलिए इसके निर्माण में नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर संपूर्ण ड्रेनेज व्यवस्था का समग्र परीक्षण किया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि नाले से जुड़ने वाला कोई भी ड्रेनेज पॉइंट छूटना नहीं चाहिए। कहीं भी ऐसा गड्ढा या जल निकासी का स्थान न रहे, जो मुख्य ड्रेनेज व्यवस्था से जुड़ा न हो। भविष्य में जलभराव अथवा जल निकासी से संबंधित समस्याएं उत्पन्न न हों, इसके लिए अभी से स्थायी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उद्गम स्थल से सड़क तक सुधरेगी व्यवस्था

जिलाधिकारी ने नाले के उद्गम स्थल पर निर्मित कलमठ से लेकर सड़क तक की व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। इसके लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर समग्र कार्ययोजना में शामिल करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परियोजना को दूरगामी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाए, ताकि आने वाले वर्षों में भी क्षेत्रवासियों को जल निकासी की समस्या से जूझना न पड़े।

गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं

जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि है। निर्धारित मानकों के अनुरूप ही निर्माण कराया जाए और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारी, तहसीलदार ऋतु गोस्वामी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement