महंगाई के खिलाफ अल्मोड़ा में कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार का पुतला फूंका

अल्मोड़ा । महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने रविवार को अल्मोड़ा के चौघानपाटा में जोरदार प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाते हुए सरकार का पुतला दहन किया। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में जिले के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल और बिजली की दरों में भारी वृद्धि कर मध्यमवर्गीय और गरीब जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि आज हर आवश्यक वस्तु आम लोगों की पहुंच से बाहर होती जा रही है। नगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी ने कहा कि सरकार सबके विकास की बात तो करती है, लेकिन लगातार बढ़ती महंगाई ने लोगों की आर्थिक स्थिति को डगमग कर दिया है। उन्होंने कहा कि राशन, दवा, दाल, कपड़े और घरेलू सामान के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे आमजन खुद को ठगा महसूस कर रहा है। महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट ने कहा कि रसोई गैस की कीमतें बढ़ने से महिलाओं के किचन का बजट बिगड़ गया है और मध्यमवर्गीय परिवार महंगाई की मार से बेहाल हैं। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार और नगर अध्यक्ष जगदीश तिवारी ने कहा कि भाजपा ने अच्छे दिनों का सपना दिखाकर सत्ता हासिल की थी, लेकिन आज हालात इतने खराब हैं कि जनता अब खुद को ठगा महसूस कर रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता भाजपा सरकार को आगामी पंचायत और विधानसभा चुनावों में सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। पुतला दहन कार्यक्रम में पूर्व दर्जा मंत्री पूरन रौतेला, बालकृष्ण पांडे, हर्ष कनवाल, विनोद वैष्णव, परितोष जोशी, बाल विक्रम सिंह रावत, सुशील साह, भैरव गोस्वामी, अख्तर हुसैन, वकुल साह, अजीत कार्की, वैभव पांडे आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।