बागेश्वर-टनकपुर रेल लाइन को लेकर भ्रमित कर रही भाजपा: हरीश रावत

बागेश्वर । कांग्रेस की प्रदेश में चल रही तिरंगा यात्रा बुधवार को बागनाथ मंदिर पहुंची। यहां पूजा अर्चना के बाद कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसके बाद पूर्व सीएम हरीश रावत समेत अन्य नेता पत्रकारों से रू-ब-रू हुए। रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रेल को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने के बयान पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूर्व में कांग्रेस शासन में प्रदेश की दो रेल लाइन को राष्ट्रीय धरोहर में घोषित कर परियोजना निर्माण को हरी झंडी दी थी। अब भाजपा सरकार इन परियोजनाओं को भाजपा शासन में स्वीकृत होने का झूठा दावा कर रही है। रावत ने कहा नई रेल लाइन रामनगर चौखुटिया- गैरसैण, की रेल लाइन का निर्माण भी कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्ठाचार चरम पर है। कमरतोड़ महंगाई ने गरीब लोगों की थालियों से निवाला छिनने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश में न्याय यात्रा प्रदेशवासियों को संवैधानिक आधार पर न्याय दिलाने, समाजिक आधार पर महंगाई, पलायन को लेकर जागरूक किया जा रहा है। बैकलॉग के आधार पर सरकार ने आरक्षित पदों से ध्यान हटा दिया है। भर्ती परीक्षा पत्र लीक होने से बेरोजगार चिंतित है। प्रदेश में विकास का कोई दृष्टिकोण नही है। अधिकांश सड़कें गड्ढों से पटी हैं। कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाती है। इस मौके पर इस दौरान पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक ललित फर्सवाण, पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी, देवेंद्र परिहार, आनंद रावत, राजेंद्र टंगड़िया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगत डसीला, सुनील भंडारी आदि मौजूद रहे।
रावत ने जलेबी बनाई और खाई भी: बागेश्वर की जलेबी पहले से ही काफी मशहूर है। पूर्व सीएम हरीश ने इस बात का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि 1980 से 90 के दशक में पहाड़ों में मिठाई का क्रेज कम था। किसी भी खुशी के मौके पर जलेबी पार्टी होती थी। दुग बाजार की जलेबी काफी प्रसिद्ध थी। आज भी लोग जलेबी खूब खाते हैं। उन्होंने एक दुकान में जाकर पहले जलेबी बनाई, फिर उन्हें खाया।