बागेश्वर पुलिस पर हमला , टीएसआई के कान में आठ टांके, युवक गिरफ्तार
बागेश्वर । बागेश्वर के कोतवाली क्षेत्र में गरुड़ रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक ने पुलिस पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में टीएसआई चंदन भंडारी और कांस्टेबल मनोज मर्तोलिया घायल हो गए। युवक ने टीएसआई के कान पर कड़ा मारकर गंभीर चोट पहुंचाई, जिसमें आठ टांके लगे। प्राथमिक उपचार के बाद टीएसआई को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घटना द्यांगण बायपास के पास गुरुवार शाम हुई जब तेज रफ्तार बाइक सवार को रोकने पर युवक ने भागने की कोशिश की और फिर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और गाली-गलौज जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी चंद्रशेखर घोड़के ने कहा कि मामले की जांच जारी है और कानून हाथ में लेने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी।
