नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा और समस्त सभासदों ने उपजिलाधिकारी गरुड़ से की शिष्टाचार भेंट, क्षेत्रीय समस्याओं के निराकरण को लेकर सौंपा ज्ञापन
बागेश्वर गरूड़ । नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा के नेतृत्व में समस्त सभासदों ने उपजिलाधिकारी गरुड़ प्रियंका रानी से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर चर्चा की और एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस दौरान नगर पंचायत के प्रतिनिधियों ने ट्रेंचिंग ग्राउंड, सार्वजनिक पार्क, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, नालियों की सफाई और सड़कों की स्थिति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा ने कहा कि नगर के नागरिक लगातार मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में ट्रेंचिंग ग्राउंड का निर्माण अत्यंत आवश्यक है ताकि कूड़े-कचरे के निस्तारण की व्यवस्था सुधारी जा सके। इसके साथ ही उन्होंने पेयजल संकट और पार्कों की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई।
उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभागों से पत्राचार कर शीघ्र समाधान के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से समस्याओं का समाधान और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।
इस अवसर पर सभासद प्रदीप गुरुरानी, बबीता नेगी, शुभम भैसोड़ा, ममता आर्य, सामाजिक कार्यकर्ता हेम वर्मा, अंकित जोशी , योगेश वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन से तत्पर कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
