March 13, 2026

बागेश्वर पुलिस ने 5 लाख के मोबाइल टावर पार्ट्स चोरी का किया पर्दाफाश

बागेश्वर । बागेश्वर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया, जिसने एयरटेल मोबाइल टावर के कीमती पार्ट्स और पावर केबल चुराकर करीब 5 लाख रुपये का नुकसान पहुँचाया था। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरा चोरी का सामान बरामद किया है।

एसपी श्री चन्द्रशेखर घोडके के निर्देशन में पुलिस टीम ने टेक्निकल सर्विलांस और मानव खुफिया तंत्र की मदद से इस गिरोह तक पहुँच बनाई। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर मुरादाबाद और सम्भल जिलों से आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में तीन देवशक्ति वेंडर कंपनी के कर्मचारी हैं, जिन्होंने टावर पार्ट्स चोरी कर कबाड़ी शमशेर रजा को बेच दिया था। पुलिस ने चोरी के पूरे सामान को बरामद कर लिया है।

एसपी ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें 1000 रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।