बागेश्वर पुलिस का सघन वाहन चेकिंग अभियान, 285 चालान, 7 वाहन सीज
यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, बाहरी व्यक्तियों का किया सत्यापन
बागेश्वर । पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चंद्रशेखर घोडके के कुशल निर्देशन में जनपद स्तर पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बीते एक सप्ताह के भीतर यातायात नियमों के उल्लंघन पर 285 चालान किए गए, वहीं 7 वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों, यातायात प्रभारी तथा इंटरसेप्टर टीम को निर्देशित किया गया है कि बिना हेलमेट, नशे की हालत में वाहन चलाने, ओवर स्पीडिंग, ओवरलोडिंग, रैश ड्राइविंग तथा मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने जैसे मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इन्हीं निर्देशों के क्रम में पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर श्री अजय साह एवं पुलिस उपाधीक्षक कपकोट श्री मनीष शर्मा के पर्यवेक्षण में 7 जुलाई से एक सप्ताह तक जिले के समस्त थाना/चौकी क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा निम्न कार्यवाही की गई:
- 35 चालान बिना हेलमेट चलने पर
- 07 वाहन सीज
- 35 प्रकरणों में न्यायालय में चालान प्रस्तुत
- कुल 285 चालान मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत
इस दौरान पुलिस टीमों द्वारा बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन भी किया गया। सत्यापन न पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों को शीघ्र सत्यापन कराने की सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर ने आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें और सुरक्षित यात्रा को अपनी प्राथमिकता बनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध पुलिस की सख्त कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी ।
