अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पंचायती चुनाव से पहले नशे के खिलाफ अभियान तेज
बागेश्वर । आगामी पंचायती चुनावों को लेकर जनपद बागेश्वर में पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रशेखर घोडके के निर्देश पर नशा मुक्त भारत अभियान 2025 के तहत मादक पदार्थों व अवैध शराब के खिलाफ ज़ोरदार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना झिरौली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
दिनांक 14 जुलाई 2025 को थाना झिरौली पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान ग्राम जनौटी पालड़ी से एक व्यक्ति को भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपी का नाम दीपक सिंह जनौटी पुत्र भूपेन्द्र सिंह जनौटी निवासी ग्राम जनौटी पालड़ी, थाना झिरौली, जनपद बागेश्वर है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 24 अद्धे मैकडावल व्हिस्की व 16 पव्वे अवैध मैकडावल रम बरामद किए। उक्त मामले में थाना झिरौली पर मु0अ0सं0 05/2505, धारा 60 एक्साइज एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
अपर उपनिरीक्षक राकेश कुमार
अपर उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह
हेड कांस्टेबल प्रमोद रावत
हेड कांस्टेबल कुन्दन कठायत
जनपद पुलिस की यह कार्रवाई नशे के कारोबारियों के खिलाफ कड़ा संदेश है कि चुनावी माहौल में किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक श्री घोडके ने कहा कि आगे भी ऐसे ही अभियान जारी रहेंगे और नशे के सौदागरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
