April 24, 2026

बैजनाथ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मारपीट कर रहे व्यक्ति को किया गिरफ्तार

बागेश्वर/गरुड़ । त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के मद्देनज़र जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में बैजनाथ थाना पुलिस ने डायल 112 के माध्यम से प्राप्त एक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि मनोज कांडपाल, निवासी कांडा (हाल निवासी सीर गागरीगोल, थाना बैजनाथ), अपने परिजनों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और झगड़ा कर रहा है, जिससे क्षेत्र में अशांति का माहौल उत्पन्न हो गया था। सूचना मिलते ही बैजनाथ थाना पुलिस ने त्वरित रूप से मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शांति भंग करने वाले मनोज कांडपाल के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया अपनाई गई है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि आगामी पंचायत चुनावों के दृष्टिगत कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी आपत्तिजनक गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।