March 6, 2026

रुड़की में दिल चीरने वाला हादसा, अलीगढ़ से आए 2 भाईयों की डूबने से मौत


रुड़की ।   अलीगढ़ से जियारत करने के लिए रुड़की के पिरान कलियर आए दो भाईयों की बावनदर्रा में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। दो भाईयों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मौके पर पहुंचे गोताखोरों ने दोनों के शव को कुंड से बाहर निकाला। इसके बाद परिवार बिना किसी पुलिस कार्रवाई के दोनों के शव को लेकर अलीगढ़ के लिए रवाना हो गया। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने पीएम कराने से इंकार कर दिया था। रविवार को राव हजीरा डेल कोतवाली नगर अलीगढ़ उत्तर प्रदेश निवासी 18 वर्षीय आरपीन व 19 वर्षीय दानिश अपनी मां नाजमा और तीसरे भाई इमरान के साथ पिरान कलियर दरगाह में जियारत करने के लिए आए थे। सुबह वह अपने मां और भाई के साथ धनौरी में रतमऊ नदी पर बावनदर्रा में नहाने के लिए आए। इस दौरान नहाते समय दोनों भाई पानी की गहराई अंदाजा नहीं लगा पाए और दोनों पानी के एक कुंड में डूब गए। दोनों भाइयों को डूबता देख मां और भाई ने शोर मचाया। इस दौरान आसपास के लोग मौके पर जरूर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों भाई पानी में समा गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलवाया। इसके बाद गोताखोरों ने दोनों भाईयों को कुंड से बाहर निकाला। यहां से दोनों भाईयों को नजदीक के चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। युवकों की मौत से उनकी मां व भाई का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। पुलिस ने बामुश्किल परिवार को संभाला। हालांकि, इसके बाद परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने भारतीय उत्थान परिषद ट्रस्ट की मदद से एम्बुलेंस से दोनों शव को उनके गांव अलीगढ़ के लिए भिजवा दिया है। चौकी प्रभारी धनौरी पुष्कर सिंह चौहान का कहना है कि दो युवकों की डूबने से मौत हो गई थी जिनके शव परिजनों को सौंप दिए हैं।