March 5, 2026

रक्षा बंधन से पहले बागेश्वर पुलिस की खास सौगात – खोए हुए मोबाइल लौटाकर बांधी खुशियों की डोर

बागेश्वर । रक्षा बंधन के पावन पर्व से पूर्व बागेश्वर जनपद की पुलिस ने मोबाइल स्वामियों को एक अनोखी और अनमोल सौगात दी है। पुलिस की सतर्कता, तकनीकी दक्षता और जनसेवा के प्रति समर्पण का नतीजा है कि 16 नागरिकों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिल गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये है।

पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चन्द्रशेखर घोडके (IPS) के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों और सर्विलांस सेल को गुमशुदा मोबाइलों की शीघ्र बरामदगी के निर्देश दिए गए थे। इसी कड़ी में थानों और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्यवाही से 16 कीमती मोबाइल फोनों को सफलतापूर्वक ट्रेस कर उनके असली स्वामियों तक पहुँचाया गया।

आज पुलिस कार्यालय में आयोजित एक सादे परंतु हर्षोल्लासपूर्ण कार्यक्रम में एसपी बागेश्वर द्वारा मोबाइल स्वामियों को उनके फोन सौंपे गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर कई भाई-बहनों की खुशी दोगुनी हो गई। लोगों ने बागेश्वर पुलिस का आभार जताते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

एसपी श्री घोडके ने कहा, “जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए हमारी पुलिस टीम लगातार कार्य कर रही है। गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी भी हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।”

पुलिस द्वारा वर्ष 2025 में अब तक कुल 60 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये है। इनमें से अकेले सर्विलांस टीम द्वारा 40, कोतवाली बागेश्वर द्वारा 12 और अन्य थानों द्वारा 8 मोबाइल बरामद किए गए हैं।

एसपी बागेश्वर ने इस अवसर पर मोबाइल ट्रेसिंग टीम के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत और लगन से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक श्री अजय लाल शाह, एसओजी प्रभारी श्री सलाउद्दीन खान तथा साइबर सेल प्रभारी श्रीमती निर्मला पटवाल सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।